अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने यानी करीब 19 साल 7 महीने की जेल की सजा सुनाई गई है. न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत के जज विक्टर मारेरो ने शुक्रवार, 20 नवंबर को यह फैसला सुनाया. 55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इस साल हत्या की सुपारी देने, हत्या की साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार किया था.
अमेरिकी अभियोजकों ने निखिल गुप्ता के लिए 24 साल की सजा की मांग की थी. उनका कहना था कि गुप्ता अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की विदेशी साजिश में अहम भूमिका निभा रहा था. वहीं गुप्ता के वकीलों ने अदालत से कम सजा देने की अपील की थी. उनका तर्क था कि गुप्ता का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है और अपराध के समय वह शराब की लत से जूझ रहा था.
पन्नू की हत्या के लिए 1 लाख डॉलर की सुपारी देने का आरोप
अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों और अभियोजन पक्ष के मुताबिक, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य जगहों पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर न्यूयॉर्क में गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रची थी. इस साजिश में सह-आरोपी विकास यादव का नाम भी सामने आया था.
अभियोजन पक्ष का आरोप था कि विकास यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक गिरोह से जुड़ा हुआ समझ रहा था. लेकिन वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का सीक्रेट एजेंट था. गुप्ता ने पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने में उसकी मदद मांगी थी.
अदालत में पेश जानकारी के मुताबिक, विकास यादव ने गुप्ता के जरिये उस अंडरकवर अधिकारी को पन्नू की हत्या के लिए 1 लाख डॉलर देने पर सहमति जताई थी. 9 जून 2023 के आसपास गुप्ता और यादव ने एक सहयोगी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर पहुंचाने की व्यवस्था भी की थी.
अमेरिकी अभियोजकों ने मांगी थी 24 साल की सजा
अमेरिकी सरकार ने अदालत में दलील दी थी कि यह बेहद गंभीर अपराध है और इसके लिए कड़ी सजा जरूरी है. अमेरिकी अभियोजकों ने अपनी याचिका में कहा था कि गुप्ता एक अमेरिकी नागरिक को उसकी राजनीतिक विचारधारा के कारण अमेरिकी धरती पर निशाना बनाने की विदेशी साजिश का अहम हिस्सा था.
सरकार ने अदालत से 293 महीने यानी करीब 24 साल 5 महीने की कैद देने की मांग की थी. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, इस तरह के अपराधों के लिए कड़ी सजा जरूरी है, ताकि अमेरिका में किसी की आवाज को हिंसा के जरिए दबाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
निखिल गुप्ता के वकीलों ने कम सजा की अपील की
दूसरी ओर, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत से 144 महीने यानी 12 साल की जेल और उसके बाद तीन साल की निगरानी में रिहाई की सिफारिश की थी. उन्होंने कहा था कि प्रोबेशन विभाग ने भी 235 से 293 महीने की निर्धारित सजा सीमा से कम सजा देने की सिफारिश की थी.
बचाव पक्ष ने दलील दी कि गुप्ता का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं रहा है. अपराध के समय वह शराब की लत से जूझ रहा था और अब अपने किए पर पछता रहा है. हालांकि, बचाव पक्ष ने यह भी माना कि किसी की हत्या की व्यवस्था करने का उसका कदम गंभीर था और इसके लिए जेल की सजा मिलनी चाहिए.
अदालत में चिट्ठी लिखकर जताया था पछतावा
निखिल गुप्ता ने अदालत को लिखे पत्र में कहा था कि काश वह समय को पीछे ले जाकर 2023 में की गई अपनी गलतियों को सुधार पाता. उसने लिखा कि जब वह पीछे मुड़कर देखता है तो उसे खुद पर विश्वास नहीं होता कि वह किस तरह का इंसान बन गया था.
गुप्ता ने अपने परिवार और आसपास के लोगों को हुई तकलीफ पर भी पछतावा जताया. उसने कहा कि उसे इस बात का शुक्र है कि उसके कदमों से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ. गुरपतवंत सिंह पन्नू के पास अमेरिका और कनाडा, दोनों देशों की नागरिकता है. सजा सुनाए जाने के दौरान पन्नू भी अदालत में मौजूद था.

