Last Updated:
कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के बाद लश्कर कमांडर लतीफ भट का नाम जांच के घेरे में आ गया है. बाइक सवार हमलावरों ने नाका ड्यूटी पर तैनात सीअरपीएफ जवानों पर अचानक फायरिंग की, जिसमें दो जवान गंभीर तौर पर जख्मी हो गए हैं. हमले के बाद पूरा इलाका सील कर दिया गया है और हमलावरों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हमले के बाद इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है. आतंकी लतीफ भट्ट की तलाश में बीते दिनों घाटी में पोस्टर भी चस्पा किए गए थे.
Terror Attack on CRPF Jawans: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर हुए हमले के बाद एक बार फिर लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर लतीफ भट का नाम सामने आया है. बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे नाका ड्यूटी पर तैनात सीआरपीएफ जवानों पर बाइक सवार हमलावरों ने अचानक फायरिंग कर दी. हमले में दो सीआरपीएफ जवान घायल हुए हैं. अब सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि इस हमले को लश्कर कमांडर लतीफ भट के इशारे पर अंजाम दिया गया है.
सूत्रों के अनुसार, कुलगाम में सीआरपीएफ पार्टी पर हमला उस वक्त हुआ, जब जवान नाका लगाकर ड्यूटी कर रहे थे. बाइक पर आए हमलावरों ने अचानक सीआरपीएफ के जवानों पर गोलियां बरसाई और आतंकी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए. वहीं, मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने अपने जख्मी साथियों को इलाज के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया. वहीं, इस आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है. सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है और हमलावरों की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
कौन है लश्कर कमांडर लतीफ भट?
- सूत्रों के अनुसार, इस आतंकी हमले के पीछे लश्कर कमांडर लतीफ भट का नाम सामने आया है. लतीफ भट लश्कर-ए-तैयबा का एक सक्रिय कमांडर है.
- वह जुलाई 2026 में शोपियां में हुई एक बड़ी मुठभेड़ के बाद चर्चा में आया था. इस ऑपरेशन में वह लश्कर के टॉप कमांडर जाकिर गनई के साथ फंस गया था.
- सुरक्षा बलों के साथ करीब पांच दिन तक चले ऑपरेशन में जाकिर गनई मारा गया, लेकिन लतीफ भट मौके से भाग निकलने में कामयाब रहा था. इसके बाद से एजेंसियां उसकी तलाश में जुटी हैं.
- सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि मुठभेड़ से बच निकलने के बाद लतीफ भट ने दक्षिण कश्मीर में अपने नेटवर्क को फिर से सक्रिय करने में जुट गया था.
- एजेंसियों का यह भी मानना है कि वह स्थानीय स्लीपर सेल और हाइब्रिड आतंकियों के जरिए टारगेटेड हमलों को अंजाम देने की कोशिश कर रहा है.
आतंकी लतीफ भट सहित चार आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने घाटी में पोस्टर चस्पा किए थे.
पहले भी टारगेटेड हमलों में नाम आ चुका है सामने
लतीफ भट का नाम इससे पहले भी कश्मीर में हुए टारगेटेड हमलों के संदर्भ में सामने आ चुका है. अगस्त 2026 में सुरक्षा एजेंसियों ने कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की हत्या और अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या के मामलों में उसका नाम सामने आया था. एजेंसियों के अनुसार, उसके सहयोगी वारिस शाह ने इन हमलों के लिए लॉजिस्टिक सपोर्ट और रेकी में मदद की थी.
लतीफ भट पर 15 लाख रुपये का इनाम
लतीफ भट को पकड़ने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनाम की घोषणा कर रखी है. दक्षिण कश्मीर और जम्मू के कुछ इलाकों में उसके फोटो वाले वांटेड पोस्टर लगाए गए थे. लोगों से उसकी लोकेशन या गतिविधियों की जानकारी सुरक्षा एजेंसियों को देने की अपील की गई थी. बीते कुछ दिनों पहले भी सुरक्षा एजेंसियों ने लतीफ भट्ट की तलाश के लिए उसके पोस्टर जारी किए थे. हाल में श्रीनगर में सामने आए वांटेड पोस्टरों में उसका नाम भी शामिल था.
अब किस तैयारी में हैं सुरक्षा एजेंसियां?
कुलगाम में सीआरपीएफ जवानों पर फायरिंग के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब सिर्फ हमलावरों की तलाश तक सीमित नहीं रहेंगी. जांच का फोकस इस बात पर भी होगा कि हमलावरों को किसने हथियार, जानकारी और लॉजिस्टिक सपोर्ट दिया.
डीजीपी नलिन प्रभात और कश्मीर के आईजी सुजीत कुमार भी घटनास्थल के लिए रवाना हुए हैं. पूरे इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है. कश्मीर के आईजी सुजीत कुमार ने News18 India से कहा है कि सीआरपीएफ पार्टी पर फायरिंग हुई है और मामले के तथ्य जुटाए जा रहे हैं.

