Last Updated:
कांग्रेस ने 26 नवंबर का प्लान अचानक बदल दिया है. संविधान दिवस पर दिल्ली में प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च अब बाद में होगा. पार्टी ने इसकी जगह सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालने का फैसला किया है. कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के सर्कुलर के मुताबिक कांग्रेस अब हर बूथ पर ‘वोट रक्षक’ नियुक्त करेगी. इनकी जिम्मेदारी वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों की जांच करना और मतदाताओं से जानकारी जुटाना होगा. 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर सत्यापन चलेगा. इसके बाद 15 दिसंबर तक गांवों में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल आयोजित की जाएंगी.
कांग्रेस ने 26 नवंबर का दिल्ली चलो मार्च टाल दिया है. (फाइल फोटो)
कांग्रेस ने 26 नवंबर को लेकर अपनी बड़ी राजनीतिक तैयारी में अचानक बदलाव कर दिया है. पार्टी ने संविधान दिवस पर दिल्ली में प्रस्तावित ‘दिल्ली चलो’ मार्च को फिलहाल टाल दिया है. पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में राजधानी में बड़ा मार्च निकालने की तैयारी थी. इसमें प्रियंका गांधी समेत पार्टी के सभी सांसदों के शामिल होने की योजना थी. विपक्षी दलों के नेताओं और सांसदों के भी इस कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी. लेकिन अब पार्टी ने अपना कार्यक्रम बदल दिया है. कांग्रेस 26 नवंबर को दिल्ली में जुटने के बजाय सभी राज्यों की राजधानियों में ‘संविधान रक्षा मार्च’ निकालेगी. इस फैसले से पार्टी की आगे की रणनीति भी बदल गई है.
कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस संबंध में पार्टी नेताओं और प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को सर्कुलर जारी किया है. इसमें बताया गया है कि 25 और 26 नवंबर को होने वाला ‘दिल्ली चलो’ कार्यक्रम अब किसी दूसरी तारीख पर आयोजित किया जाएगा. फिलहाल इसकी नई तारीख का ऐलान नहीं हुआ है. इसके बजाय 26 नवंबर को हर राज्य की राजधानी में संविधान रक्षा मार्च निकालने का निर्देश दिया गया है. साथ ही पार्टी अब हर बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैनात करने की तैयारी में है. इनकी जिम्मेदारी वोटर लिस्ट से हटाए गए नामों की जांच करना होगा. यानी कांग्रेस का आंदोलन अब सिर्फ एक बड़े मार्च तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि बूथ स्तर तक पहुंचाने की तैयारी है.
1 नवंबर की रैली के बाद कांग्रेस ने बदली रणनीति
कांग्रेस ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में ‘वोट चोरी’ और चुनाव आयोग के खिलाफ बड़ी रैली की थी. पार्टी ने इस कार्यक्रम को सफल बताते हुए प्रदेश और जिला इकाइयों का आभार जताया है. वेणुगोपाल के सर्कुलर में कहा गया है कि चुनाव आयोग के संस्थागत कब्जे के खिलाफ पार्टी ने प्रदर्शन किए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने तथा उनके खिलाफ मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग उठाई. इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए 26 नवंबर के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.
हर राज्य की राजधानी में निकलेगा संविधान रक्षा मार्च
वेणुगोपाल ने सभी प्रदेश कांग्रेस कमेटियों को 26 नवंबर को बड़े स्तर पर ‘संविधान रक्षा मार्च’ या यात्रा आयोजित करने को कहा है. मार्च की शुरुआत डॉ. भीमराव आंबेडकर या महात्मा गांधी की किसी प्रमुख प्रतिमा से होगी. वहां संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने के बाद कार्यकर्ता संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ करेंगे और उसकी रक्षा की शपथ लेंगे. इसके बाद मार्च किसी दूसरे महत्वपूर्ण स्थान तक जाएगा. पार्टी ने प्रदेश इकाइयों और जिला कांग्रेस कमेटियों को बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं को जुटाने की जिम्मेदारी दी है.
हर बूथ पर नियुक्त होगा एक ‘वोट रक्षक’
- कांग्रेस की नई रणनीति का सबसे अहम हिस्सा ‘वोट रक्षक’ अभियान है. पार्टी ने हर बूथ पर कम से कम एक वोट रक्षक नियुक्त करने का फैसला किया है. इसके लिए बूथ लेवल एजेंटों यानी BLAs, बूथ कमेटी के सदस्यों, युवा कार्यकर्ताओं और फ्रंटल संगठनों से जुड़े लोगों की मदद ली जाएगी. आम नागरिक भी पार्टी के पोर्टल के जरिए इस अभियान से जुड़ सकेंगे.
- वोट रक्षकों को अपने बूथ की वोटर लिस्ट से हटाए गए मतदाताओं के घर जाकर जानकारी की पुष्टि करनी होगी. उन्हें संबंधित रिकॉर्ड और मतदाताओं के बयान पोर्टल पर अपलोड करने होंगे. इस काम की निगरानी मंडल अध्यक्ष करेंगे. वे हर दिन यह रिपोर्ट तैयार करेंगे कि कितने बूथों पर जांच हुई और कितने हटाए गए नामों का सत्यापन किया गया.
कब तक पूरा होगा वोट रक्षक अभियान?
वेणुगोपाल के सर्कुलर के मुताबिक 17 नवंबर तक प्रदेश स्तर पर तैयारी बैठकें करने को कहा गया है. 21 नवंबर की शाम तक हर मंडल अध्यक्ष को जिला कांग्रेस कमेटी को बताना होगा कि उसके सभी बूथों पर प्रशिक्षित वोट रक्षक नियुक्त हो गए हैं. 22 से 30 नवंबर तक बूथ स्तर पर हटाए गए वोटरों का सत्यापन किया जाएगा. इसकी रिपोर्ट रोजाना जिला और प्रदेश स्तर पर भेजी जाएगी.
दिसंबर तक गांवों में लगेंगी ‘वोट बचाओ’ चौपाल
कांग्रेस ने इस अभियान को गांवों तक ले जाने की भी योजना बनाई है. 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक गांवों और मंडल स्तर पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल लगाई जाएंगी. इनमें वोटर लिस्ट से नाम हटाए गए लोगों के साथ बुजुर्गों और पंचायत प्रतिनिधियों को भी बुलाया जाएगा. पार्टी इन बैठकों में बूथ स्तर पर हुई जांच के नतीजों को सामने रखेगी. यानी दिल्ली मार्च टालने के बाद कांग्रेस अब राज्यों से लेकर गांवों और बूथों तक अपना अभियान चलाने की तैयारी में है.
About the Author
सुमित कुमार हिंदी पत्रकारिता का एक उभरता और सक्रिय नाम हैं. वर्तमान में वे News18 हिंदी में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और सेंट्रल डेस्क टीम का हिस्सा हैं. पिछले चार साल से वे Network18

