Last Updated:
Jodhpur Astrology Event: जोधपुर में आयोजित एक भव्य ज्योतिष महाआयोजन में देशभर से आए 35 से अधिक ज्योतिष विशेषज्ञों ने बड़ी संख्या में लोगों को निःशुल्क मार्गदर्शन दिया. कार्यक्रम में करियर, कारोबार, शिक्षा, विवाह, पारिवारिक जीवन और अन्य व्यक्तिगत विषयों से जुड़े प्रश्नों पर परामर्श दिया गया. हजारों लोगों ने अपनी जिज्ञासाएं और समस्याएं विशेषज्ञों के समक्ष रखीं तथा उनसे सुझाव प्राप्त किए. आयोजन का उद्देश्य लोगों को पारंपरिक ज्योतिषीय परामर्श एक ही मंच पर उपलब्ध कराना था. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जिज्ञासुओं की उपस्थिति के कारण कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र बना रहा. आयोजकों के अनुसार इस तरह के आयोजन से लोगों को विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर मिलता है. ध्यान रहे कि ज्योतिषीय परामर्श आस्था और व्यक्तिगत विश्वास का विषय है.
जोधपुर: महर्षि दैवज्ञ चंडू जयंती के अवसर पर सीता ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र, श्याम भक्ति सेवा संस्थान एवं मारवाड़ प्रेस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को पांच बत्ती चौराहा स्थित होटल चंद्रा में आयोजित 10वें निःशुल्क ज्योतिष परामर्श शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया. देश के विभिन्न राज्यों से आए 35 से अधिक ख्यातिप्राप्त ज्योतिषाचार्यों ने वैदिक ज्योतिष, वास्तु, टैरो कार्ड, हस्तरेखा, फेस रीडिंग, प्रश्न कुंडली और रेकी हीलिंग जैसी विभिन्न विधाओं के माध्यम से लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया. शिविर में सुबह से ही लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं और सैकड़ों लोगों ने निःशुल्क परामर्श का लाभ उठाया.
सीता ज्योतिष एवं वास्तु अनुसंधान केंद्र के निदेशक पंडित एस.के. जोशी ने बताया कि यह निःशुल्क ज्योतिष परामर्श शिविर का दसवां वर्ष है. इस आयोजन में राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली और कर्नाटक सहित कई राज्यों से विशेषज्ञ शामिल हुए. उन्होंने कहा कि यहां उपस्थित सभी ज्योतिषाचार्य अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी और प्रतिष्ठित विद्वान हैं, जो सामान्य दिनों में परामर्श के लिए अलग-अलग शुल्क लेते हैं, लेकिन जोधपुर की जनता के हित में सभी ने पूरी तरह निःशुल्क सेवाएं प्रदान कीं. उन्होंने इसे शहरवासियों का सौभाग्य बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक सही मार्गदर्शन पहुंचाना है.
‘कर्म 70 प्रतिशत, ज्योतिष 30 प्रतिशत’, अंधविश्वास नहीं मार्गदर्शन का माध्यम
पंडित एस.के. जोशी ने कहा कि ज्योतिष को अंधविश्वास नहीं बल्कि जीवन में सकारात्मक दिशा देने वाली विद्या के रूप में देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की सफलता में सबसे बड़ा योगदान उसके कर्म का होता है, जबकि ज्योतिष उचित समय और सही दिशा का मार्गदर्शन करता है. उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों में शिविर में परामर्श लेने वाले कई युवाओं ने सरकारी नौकरियों में सफलता प्राप्त की, कई छात्र-छात्राएं चार्टर्ड अकाउंटेंट बने और अनेक लोगों के विवाह, करियर तथा पारिवारिक समस्याओं के समाधान भी मिले. ऐसे अनुभव ही इस आयोजन को निरंतर आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं.
पूर्व न्यायाधीश सहित कई गणमान्य अतिथियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास ने की. सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक एम.एल. गर्ग मुख्य अतिथि तथा जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष मिश्रा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे. कार्यक्रम का संचालन कवयित्री एवं लेखिका अंशु हर्ष ने किया. आयोजन में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बड़ी संख्या में ज्योतिष प्रेमियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया तथा आयोजन की सराहना की.
जनहित में निरंतर जारी रहेगा निःशुल्क परामर्श अभियान
आयोजन से जुड़े अरुण माहेश्वरी और अरुणा सांखला ने बताया कि पिछले दस वर्षों से यह शिविर जनहित में लगातार आयोजित किया जा रहा है. हर वर्ष देशभर के विशेषज्ञ एक मंच पर आकर लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हैं. इस वर्ष भी शिविर में लोगों का उत्साह देखते ही बना. आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी आयोजन जारी रहेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग ज्योतिष, वास्तु और अन्य पारंपरिक विद्याओं के माध्यम से उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकें.
About the Author
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें

