ऋषभ पंत ने कर दी बड़ी गलती
इस मैच को लखनऊ की टीम आसानी से जीत सकती थी। लेकिन ऋषभ पंत से एक बड़ी गलती हो गई और उन्होंने ये जीता हुआ मुकाबला दिल्ली को गिफ्ट कर दिया। दरअसल हुआ यूं कि दिल्ली की टीम को आखिरी ओवर में जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 6 रनों की जरूरत थी। लखनऊ के लिए आखिरी ओवर शाहबाज अहमद लेकर आए। स्ट्राइक पर आशुतोष नहीं बल्कि मोहित शर्मा खड़े थे। ऐसे में शाहबाज ने एक शानदार फ्लाइट गेंद डाली जिसे खेलने में मोहित चूक गए।
इस गेंद को खेलने की कोशिश में मोहित ने अपना एक पैर आगे निकाला और वो क्रीज से बाहर आ गए थे। लेकिन तभी गेंद उनके बल्ले के आगे से टर्न हो गई। ऐसे में ऋषभ पंत के पास उन्हें आउट करने का एक बेहतरीन मौका था। लेकिन पंत गेंद को पकड़ ही नहीं पाए और मोहित को एक आसान सा जीवनदान मिल गया। बस इसके बाद अगली ही गेंद पर मोहित शर्मा ने सिंगल लेकर स्ट्राइक आशुतोष को दे दी। आशुतोष ने बिना समय बर्बाद करते हुए छक्का मारकर मैच खत्म कर दिया।
लखनऊ की शर्मनाक हार
मैच की बात करें तो लखनऊ की टीम एक समय इस मुकाबले को आसानी से जीत रही थी। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए बोर्ड पर 209 रन लगाए थे। जवाब में दिल्ली की टीम ने अपने 5 विकेट सिर्फ 65 रन पर खो दिए थे। लेकिन इसके बाद पहले ट्रिस्टन स्टब्स ने 22 गेंदों पर 34 रन की पारी खेल दी। इसके बाद विपराज निगम ने 15 गेंदों पर 39 रन ठोक डाले। वहीं आशुतोष ने 31 गेंद पर 66 रन बनाकर मैच को खत्म कर दिया।

