Last Updated:
Delhi News: दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने जबसे एक शख्स को थप्पड़ जड़ा है, तब से देश की राजधानी की राजनीति में उबाल आ गया है. विपक्षी आम आदमी पार्टी इस मामले में प्रवेश वर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है. आप की डिमांड पर पलटवार भी किया गया है.
पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. यह आरोप आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगा है. (फाइल फोटो)
Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में सड़क निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा ने जबसे एक युवक को थप्पड़ जड़ा है, सियासत में उबाल आ गया है. विपक्षी आम आदमी पार्टी इस मामले में प्रवेश वर्मा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रही है. हालांकि, दिल्ली के मंत्री के खिलाफ एनसीआर दर्ज किया गया है. तमाम तरह के विवाद और राजनीति के बीच एक और घटना हुई है. दरअसल, AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल सोमवार 28 सितंबर 2026 को अपने अन्य सहयोगियों के साथ तिलक नगर गए थे. आरोप है कि उस दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ मारपीट की गई. पुलिस जवान के साथ मारपीट के मामले में दिल्ली पुलिस FIR दर्ज कर सकती है.
आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के तिलक नगर दौरे के दौरान दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल सादी वर्दी में मौके पर वीडियोग्राफी कर रहा था. आरोप है कि आप समर्थकों की भीड़ ने उसे घेर लिया और उसके साथ मारपीट की. घटना के बाद पुलिसकर्मी का मेडिकल कराया गया है. दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है और अधिकारियों के स्तर पर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है. हालांकि, घटना को लेकर पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है.
अरविंद केजरीवाल 28 सितंबर को गए थे तिलक नगर
AAP चीफ अरविंद केजरीवाल सोमवार 28 सितंबर को तिलक नगर पहुंचे थे. रविवार को इसी सड़क का भ्रष्टाचार उजागर करने से बौखलाए मंत्री प्रवेश वर्मा ने आप विधायक जनरैल सिंह के साथ आए युवक को थप्पड़ मारा था. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने खराब क्वालिटी की बनी सड़क को लेकर सरकार पर हमला भी बोला. उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि वह मंत्री प्रवेश वर्मा को तत्काल बर्खास्त करें. साथ ही प्रवेश वर्मा की गिरफ्तारी की जाए और युवक को थप्पड़ मारने के लिए प्रवेश वर्मा दिल्ली की जनता से माफी मांगे. हाथ से सड़क के उखड़ने का मतलब है कि इसके निर्माण में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है. इसलिए इसकी गहन जांच कर भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा जाए.
‘इस तरह की सड़क आज तक नहीं देखी’
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह सड़क अभी कुछ दिन पहले ही बनी है और हाथ से यह पूरी तरह उखड़ रही है. इस तरह की सड़क हमने आज तक कभी दिल्ली में बनते हुए नहीं देखी थी. हम सुना करते थे कि देश के दूरदराज के गांवों और इलाकों में ऐसी सड़कें बनती हैं. दिल्ली देश की राजधानी है.
About the Author
बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से प्रारंभिक के साथ उच्च शिक्षा हासिल की. झांसी से ग्रैजुएशन करने के बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में PG डिप्लोमा किया. Hindustan Times ग्रुप से प्रोफेशनल कॅरियर की शु…
और पढ़ें

