Last Updated:
US Embassy Diwali: दीपोत्सव की आभा अब केवल भारत तक सीमित न रहकर सात समंदर पार महाशक्ति अमेरिका के सियासी और सामाजिक फलक पर भी पूरी भव्यता के साथ चमक रही है. नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में राजदूत सर्जियो गोर ने पारंपरिक उत्साह के साथ रोशनी का यह पर्व मनाया और भारतवासियों को शुभकामनाएं दीं.
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने नई दिल्ली स्थित दूतावास में मनाई दिवाली.
US Embassy Diwali Celebrations: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने 5 नवंबर को नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास में दिवाली मनाई और इस त्योहार को मनाने वाले सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं. सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “नई दिल्ली स्थित हमारे दूतावास में दिवाली मनाकर बहुत खुशी हुई. इस त्योहार को मनाने वाले सभी लोगों को दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं!”
अमेरिका में दिवाली को सरकार के उच्चतम स्तर पर मान्यता दिए जाने का भी एक प्रमुख उदाहरण देखने को मिलता है. यह त्योहार हिंदू, जैन और सिख समुदायों के साथ-साथ कुछ बौद्ध समुदायों द्वारा भी मनाया जाता है. वर्ष 2009 में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह में शामिल होने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने थे. इसके बाद आने वाले अमेरिकी प्रशासन ने भी इस परंपरा को जारी रखा. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी 21 अक्टूबर 2025 को व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह में हिस्सा लिया था.
स्थानीय स्तर पर न्यूयॉर्क शहर ने 2023 में दिवाली को सरकारी स्कूलों की छुट्टियों में शामिल करने का फैसला किया था. इसके तहत पहली बार 2024 में दिवाली के अवसर पर स्कूल बंद रहे. न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और सैन फ्रांसिस्को बे एरिया में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी रहती है. इन क्षेत्रों में दिवाली के अवसर पर मंदिरों में विशेष आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सामुदायिक समारोह आयोजित किए जाते हैं.
पिछले महीने अमेरिकी डाक सेवा (यूएसपीएस) ने वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में दिवाली के अवसर पर अपनी नई ‘दिवाली फॉरएवर’ डाक टिकट का अनावरण किया था. यूएसपीएस ने इस टिकट की 2 करोड़ प्रतियां छापी हैं. एक अधिकारी के अनुसार, भारतीय समुदाय की मजबूत पैरवी के कारण टिकटों की यह संख्या सामान्य से कुछ अधिक रखी गई. रंगोली डिजाइन वाली यह डाक टिकट दिवाली के अवसर पर यूएसपीएस की ओर से जारी की गई दूसरी टिकट है. इससे पहले 2016 में पहली बार दिवाली पर विशेष डाक टिकट जारी की गई थी.
एक अधिकारी ने कहा, “हमने रंगोली डिजाइन वाली 2 करोड़ डाक टिकटें छापी हैं और हमें खुशी है कि भारतीय समुदाय इनका आनंद उठाएगा.” उन्होंने कहा कि डाक टिकट संग्रह करने वाले लोग भी इन्हें खरीदने की उम्मीद है. इस डाक टिकट का औपचारिक अनावरण और स्वागत समारोह वाशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास में आयोजित किया गया था. इस दौरान यूएसपीएस के उपाध्यक्ष गंभीर ने डाक टिकट को समर्पित करने वाले अधिकारी के रूप में हिस्सा लिया.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…

