नई दिल्ली. भारतीय रिजर्व बैंक ने 19 मई 2023 को 2000 रुपये के नोट को प्रचलन से वापस लेने का ऐलान किया था. उस समय बाजार में इन नोटों की कुल कीमत 3.56 लाख करोड़ रुपये थी. आरबीआई के ताजा आंकड़ों के मुताबिक 28 फरवरी 2026 तक यह घटकर 5,551 करोड़ रुपये रह गई है. यानी 98.44 प्रतिशत नोट बैंकिंग सिस्टम में लौट चुके हैं.
हालांकि, सामान्य बैंकों में जाकर 2000 रुपये के नोट बदलने की सुविधा 7 अक्टूबर 2023 को ही बंद हो गई थी. अब 2026 में अगर आपके पास यह नोट है तो घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन आपको सीधे आरबीआई के जरिए ही इसे जमा या बदलना होगा.
आरबीआई के निर्गम कार्यालय में जाकर
आप खुद जाकर आरबीआई के 19 निर्गम कार्यालयों में नोट जमा या बदल सकते हैं. एक बार में अधिकतम 20,000 रुपये तक के नोट बदले जा सकते हैं. अपने साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक पासबुक या कैंसिल चेक जरूर लेकर जाएं. आमतौर पर कामकाज का समय सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक रहता है.
डाक के जरिए भेजें नोट
अगर आप आरबीआई कार्यालय नहीं जा सकते, तो नोट को डाक के जरिए भेज सकते हैं. सबसे पहले आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट से 2000 रुपये के नोट क्रेडिट करने का आवेदन फॉर्म डाउनलोड करें. फॉर्म भरकर उसके साथ अपने बैंक पासबुक की फोटोकॉपी, पैन और आधार कार्ड की स्व प्रमाणित प्रति लगाएं. इसके बाद नोटों को सुरक्षित लिफाफे में रखकर बीमाकृत स्पीड पोस्ट के जरिए अपने नजदीकी आरबीआई कार्यालय के पते पर भेज दें. राशि सीधे आपके बैंक खाते में जमा कर दी जाएगी.
आरबीआई के 19 कार्यालय कहां हैं
अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में आरबीआई के निर्गम कार्यालय स्थित हैं.
जरूरी बातें याद रखें
2000 रुपये का नोट अभी भी वैध मुद्रा है, यानी इसे रखना गैरकानूनी नहीं है. लेकिन इसे सामान्य बैंक शाखा में अब बदला नहीं जा सकता. आपका बैंक खाता पूरी तरह केवाईसी अपडेटेड होना चाहिए, तभी पैसा खाते में जमा होगा. किसी एजेंट या बिचौलिए के झांसे में न आएं जो कमीशन लेकर नोट बदलने का दावा करे. अगर आपके घर में अब भी 2000 रुपये का नोट रखा है, तो देर न करें और आधिकारिक प्रक्रिया के जरिए उसे जल्द वापस कर दें.

